खुराना अस्पताल पिंजौर का अल्ट्रासाउंड सेंटर सील
रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा पिंजौर में स्थित खुराना अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। सिविल सर्जन पंचकूला द्वारा गठित टीम में उपसिविल सर्जन, प्रवर चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालका एवं पीएनडीएटी नोडल अधिकारी शामिल रहे। सिविल सर्जन योगेश शर्मा ने बताया कि गठित टीम द्वारा गत दिनों खुराना अस्पताल पिंजौर का निरीक्षण करके रिपोर्ट मुख्यालय प्रेषित की गई। इस रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं पाई गई। रिपोर्ट को जिला एप्रोप्रीएट अथॉरिटी की मीटिंग में अध्ययन किया गया। इस पर संज्ञान लेते हुए अथॉरिटी ने खुराना अस्पताल पिंजौर के अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं रिकार्ड को तुरंत प्रभाव से सील करने के आदेश दिए तथा सेंटर के मालिक एवं आपरेटर को शौ कॉज नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया। सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने चेतावनी देते हुए कन्या भ्रूण हत्या को रोकने एवं लिंगानुपात का संतुलन बनाने के लिए सभी रजिस्टर्ड अल्ट्रासाउंड सेंटरों को नियमानुसार कार्य करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सेंटर में किसी भी तरह की अनियमितताएं पाई गई तो पीसी व पीएनडीटी एक्ट के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार जिला में स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटरों का समय पर औचक निरीक्षण किया जाए।