स्के चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाए जौहर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। 19वीं जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय स्के चैंपियनशिप 2018-19 का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जनरैल सिंह ने जूनियर कैटेगिरी और हरियाणा स्के एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन बोपाराय ने सीनियर कैटेगिरी के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्के चैंपियनशिप में 22 राज्यों के 1500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। स्के फेडरेशन ऑफ इंडिया के उप प्रधान हरीश कुमार ने कहा कि हाल ही में वर्ल्ड स्के चैंपियनशिप कोरिया में आयोजित की गई थी और टूर्नामेंट एक अंतरराष्ट्रीय सफलता थी। फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव ग्रैंड मास्टर मीर ने खेल के तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि स्के मार्शल आर्ट्स भारत का खेल है और स्के फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा इस खेल को बढ़ावा देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इस खेल को ओलंपिक में शामिल करवाने के लिए हम सभी को संयुक्त तौर पर प्रयास करने होंगे। मौके पर उप प्रधान काशी नाथ नायक, असिस्टेंट सेक्रेटरी मजर खान भी उपस्थित रहे।