ग्रुप डी के परिणाम से परीक्षार्थी नाखुश
अच्छी रैंकिंग के बावजूद भी नहीं बताया भर्ती न करने का कारण
भर्ती से मायूस युवाओं ने बताया ग्रुप डी भर्ती को बहुत बड़ा घोटाला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सोमवार रात को जारी हुई ग्रुप डी परिणाम की मेरिट लिस्ट से युवा काफी आक्रोश में है जिसे लेकर युवाओं ने हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमेटी सेक्टर-2 के बाहर रोष प्रदर्शित किया। युवाओं के अनुसार 18 हजार 218 युवाओं ने ग्रुप डी की परीक्षा दी। जिसमें 16 हजार 246 युवाओं को ज्वाइनिंग रिपोर्ट दे दी गई जबकि 1972 के करीब चयनित युवाओं को ज्वाईनिंग रिपोर्ट नहीं दी गई। जिसका जवाब मांगने के लिए ही वह हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमेटी के दफ्तर के बाहर पहुंचे। सुरेश कुमार के अनुसार इस विषय में उन्होंने जब संबधित विभाग से जवाब मांगा और अधिकारियों से मिलना चाहा तो उन्होंने मिलने से मना कर दिया और जवाब के तौर पर नोटिस पर लिखकर चिपका दिया कि कोर्ट में केस चल रहा है इसलिए कुछ पदों पर पोस्ट खाली छोड़ दी गई है। इसके अलावा जब युवाओं ने पूछा कि सेलेक्शन किस आधार पर की गई है उन्होंने जवाब नहीं दिया। युवाओं के अनुसार वह अन्य युवाओं को भी शामिल करके इस धोखाधड़ी के खिलाफ आवाज उठाएंगे जब तक उनकी ज्वाईनिंग नहीं करवाई जाती।