पंचकूला में आएंगे विभिन्न राज्यों के आदिवासी क्षेत्रों के लगभग 200 युवा
आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए हुई बैठक
- अतिरिक्त उपायुक्त ने दिए उचित व्यवस्था के आदेश
- मनसा देवी परिसर में किया जाएगा कार्यक्रम का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा की अध्यक्षता में 23 से 29 जनवरी तक चलने वाले माता मनसा देवी परिसर में 11वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि यह कार्यक्रम नेहरू युवा केंद्र पंचकूला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं जिला प्रशासन पंचकूला द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी क्षेत्रों के लगभग 200 युवक, युवतियां व सिक्योरिटी ऑफिसर भाग लेंगे। उन्होंने श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की सचिव को निर्देश दिये कि वह मंदिर परिसर लक्ष्मी भवन धर्मशाला में इनके ठहरने व खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने एमडीएम पंचकूला से कहा कि वह जिला की विभिन्न जगहों पर इन्हें भ्रमण करवाने के लिये ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें ताकि युवा यहां की संस्कृति को नजदीक से देख सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इस कार्यक्रम में प्रत्येक दिन किसी चिकित्सक की ड्यूटि लगाए और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि वह सातों दिन एक पीसीआर व जवानों को लक्ष्मी भवन में तैनात रखें। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र पंचकूला के संयोजक डॉ. जीएस बाजवा से कहा कि वे इन युवाओं को यादविंद्रा गार्डन, सीआरपीएफ कैंप पिंजौर तथा राजभवन का भी भ्रमण करवाना सुनिश्चित करें ताकि इन युवाओं को यहां की संस्कृति का बोध हो। इसके साथ-साथ कालका व सेक्टर-1 पंचकूला के कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करवाया जाए। इसके अलावा गणतन्त्र दिवस समारोह में इन युवाओं को बैठाने की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।