10 जनवरी तक लगेगा पांच दिवसीय जीवन कौशल विकास शिविर
- प्रदेश के सभी जिलों के कुल 238 प्राथमिक विद्यालयों व 476 वरिष्ठ विद्यालयों में लगाया जाएगा शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् की ओर से राजकीय विद्यालयों की छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य के सभी जिलों के कुल 238 प्राथमिक विद्यालयों व 476 वरिष्ठ विद्यालयों में पांच दिवसीय जीवन कौशल विकास शीतकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर एक जनवरी से लेकर 10 जनवरी के बीच किया जाएगा। इन शिविरों को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य है कि छात्राओं को विभिन्न सार्वजनिक कार्यालयों के संचालन और उनके कामकाज के विषय में जागरूक करना है। यह शिविर रोजाना सुबह दस बजे से लेकर एक बजे तक चलेंगे। इसमें प्रतिदिन नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों की ओर से स्वास्थ्य जानकारी दी जाएगी व कृषि, बैंक से संबंधित संसाधन व्यक्तियों द्वारा डाकघर एवं बैंकों में पैसे से लेनदेन संबंधित जानकारी दी जाएगी। इस पांच दिवसीय शिविर में 50 छात्राएं मिडल और 50 छात्राएं सीनियर सेकेंडरी वर्ग की चयनित की जाएंगी और इसमें बालिकाओं के स्वास्थ्य, आर्गेनिक फार्मिंग, हॉर्टिकल्चर, आर्टस एंड क्राफ्ट, कम्यूनिकेटिव स्किल्स के बारे में बताया जाएगा। शिविरों में प्रत्येक विद्यालय में कुल 50 छात्राओं का चयन किया जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोना परिषद् द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत आयोजित होने वाले इन शिविरों का आयोजन करने के लिए राज्य के प्रत्येक खंड से दो प्राथमिक स्कूल का चयन किया जाएगा। प्रत्येक खंड से चार स्कूलों का चयन किया जाएगा जिसके लिए 119 खंडों के 476 स्कूलों के लिए जिला स्तर पर 20,000 रुपये प्रति कैंप की दर से 95,20,000 रुपये की राशि जारी की गई है।