देहात के गांवों में भी धूमधाम से मनाया नववर्ष
बरवाला। क्षेत्र के गांवों में नववर्ष के अवसर पर कस्बे व गांव के मंदिरों व गुरुद्वारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और लोगों ने मंदिरों व गुरुद्वारों में जाकर अपने परिवार की खुशहाली के लिए पूजा अर्चना की और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। बधाई का यह दौर मोबाइल फोन से एसएमएस का दौर पूरा दिन चलता रहा। इस दौरान कस्बा के बाजारों में भी खूब रौनक रही और लोगों ने जमकर खरीददारी की। रात 12 बजते ही लोगों ने आतिशबाजी कर व डीजे की धुनों व ढोल की थाप पर थिरक व ढोल की थाप पर खूब मनोरंजन किया। कस्बे के लोग नववर्ष के अवसर पर धार्मिक स्थान बागड़, वैष्णो देवी, रायपुररानी समलासन माता, छोटा त्रिलोकपुर शारदा माता, बड़ा हिमाचल प्रदेश में बड़ा त्रिलोकपुर बाला सुंदरी माता मंदिरों व सलासर, मेहंदीपुर बालाजी तथा नाड़ा साहिब गुरुद्वारे में पहुंचकर नतमस्तक हुए। इसके अलावा नया साल मनाने के लिए पर्यटन स्थल शिमला, कुल्लु मनाली, आगरा भी पहुंचे।