नववर्ष पर मनसा देवी पंचकूला में उमड़ी भक्तों की भीड़
- ठंड में श्रद्धालुओं के जयकारा से गूंजा मनसा देवी मंदिर परिसर
- मंदिर में माता के दर्शनों के लिए सभी गेट खोले
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। नए वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को माता मनसा देवी मंदिर में 2.5 लाख भक्तों ने दर्शन किए। इसमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ के अलावा अन्य राज्यों से भक्त दर्शन करने आए थे। माता के दर्शन करने के लिए 31 दिसंबर को देर रात लोग लाइनों में लगे रहे। नववर्ष के पहले दिन शाम की आरती तक श्रद्धालु कतार में अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। पूरा दिन बादल छाए रहने के कारण कंपकंपाती सर्दी में भक्त माता रानी के दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे। बता दें सोमवार रात्री को पंचकूला का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि मंगलवार दिन का तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बावजूद भक्तों की आस्था माता के प्रति बनी रही। देर रात तक लोग माता के मंदिर में दर्शन करते रहे। मंदिर के सभी गेट दर्शन के दौरान खोल दिए गए। इस दौरान मंदिर के बाहर की पार्किंग भर गई। इस कारण लोगों को गाड़ी खड़ी करने की जगह भी नहीं मिल रही थी। इस कारण भी दर्शन के लिए लोगों को काफी देर इंतजार करना पड़ा।