मिट्टी का तोंदा गिरने मोबाइल कर्मचारी की मौत
अबोहर। हनुमानगढ़ रोड पर सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मिट्टी का तोंदा गिरने से एयरटेल मोबाइल कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। जिसका शव मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ रोड पर अमृत योजना के तहत सड़क के किनारे खुदाई कर सीवर पाईप लाईन बिछा दी गई। लेकिन पाईप के साथ ही एक किनारे पर एयरटेल कंपनी की मोबाइल टावर केवल जमीन में दबी हुई थी। रविवार को देर शाम एयरटेल कंपनी के कर्मचारी प्रवेश कुमार निवासी पक्का सीड फार्म ने खुदाई में बिछी पाइपों पर खड़े होकर किनारे से मिट्टी में दबी मोबाइल केवल को जैसे ही बाहर की ओर खींचा तो केवल के साथ ही ऊपर से मिट्टी का तोंदा भी उसके ऊपर ही गिर गया। आसपास कार्य कर रहे कर्मचारियों द्वारा शोर मचाने पर लोगों ने बड़ी सावधानी से मिट्टी हटाकर प्रवेश कुमार को बाहर निकाला और तुरंत सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का समाचार मिलते ही वाटर एवं सीवरेज विभाग तथा एयरटेल कंपनी के अधिकरी और कर्मचारी सरकारी अस्पताल पहुंच गए। मामले की सूचना थाना नंबर 2 की पुलिस को दी गई है।