दो सड़क हादसों में तीन गंभीर घायल, एक की मौत
माहिलपुर (होशियारपुर)। माहिलपुर में वीरवार शाम हुए दो विभिन्न सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पहली दुर्घटना मुख्य मार्ग चंड़ीगढ़-होशियारपुर पर गांव बाहोवाल में एक सर्विस स्टेशन के सामने हुई जब एक एक्टिवा पर स्वार तीन युवकों को एक वाहन ने लपेट में ले लिया। हादसे में प्रेम कुमार की तो मौत हो गई और गंभीर घायल नवीन व शुभनीत को गंभीर हालात के चलते सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया। एएसआई दलजीत कुमार ने बताया कि तीनों रयात बाहरा कालेज में इंजीनियरिंग के छात्र बताए जा रहे हैं, ये लोग माहिलपुर की ओर कैसे आए इनके परिजनों को भी नहीं मालूम। थाना पुलिस माहिलपुर ने एक्टिवा व मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं बस अड्ड़ा माहिलपुर के पास गांव मजारा डींगरिया निवासी मनजीत सिंह पुत्र शिंगारा सिंह बाइक पर घर जा रहा था। अचानक बाइक के आगे एक कुत्ता आ गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल माहिलपुर में भर्ती कराया गया है।