3 किमी पैदल चल मंत्री अरोड़ा ने दिया तंदुरुस्ती का संदेश
नशा मुक्त व तंदुरुस्त पंजाब ही सरकार का मुख्य उद्देश्य
जागरूकता से ही डेंगू को पैदा होने से पहले रोका जा सकता है: डिप्टी कमिश्नर
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर। मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत आज जिला प्रशासन की ओर से विशेष डेंगू जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें उद्योग व वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने 3 किलोमीटर पैदल चल कर रैली का नेतृत्व किया। वह करीब 4 हजार कदम पैदल चले व इस मौके पर उनके साथ डिप्टी कमिश्नर ईशा कालिया व एसएसपी जे. इलेनचेलियन के अलावा करीब एक हजार शहर वासी उपस्थित थे। रैली के बाद अरोड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए बेहतरीन प्रोजेक्ट डेपो के अंतर्गत जहां प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत राज्य को स्वस्थ बनाने के लिए भी बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के कारण ही आज जिला प्रशासन की ओर से मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत डेंगू के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए यह रैली निकाली गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से चेकिंग के दौरान नियमों की उल्लंघना करने वाले 30 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड होशियारपुर की ओर से ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर 275 वाहनों की चेकिंग की गई व ट्रैफिक नियमों की पालना न करने वाले 145 वाहनों के चालान भी काटे गए। कृषि विभाग की ओर से 126 खाद बीज स्टोर चेक किए गए व 6 बीज स्टोरों के लाइसेंस एक महीने के लिए सस्पेंड किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत विभागों की ओर से की जा रही गतिविधियां इसी तरह जारी रहेंगी। डिप्टी कमिश्नर ईशा कालिया ने कहा कि मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत जिला प्रशासन की ओर से डेंगू जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत यह रैली निकाल कर जनता को डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से जागरूक रहने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जिले को स्वस्थ बनाने के लिए अलग-अलग गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की ओर से संयुक्त टीमें बनाकर अब तक 4300 घरों में जाकर डेंगू, मलेरिय व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया, वहीं 85 घरों में डेंगू का लारवा मिला व 54 चालान किए गए। इन टीमों की ओर से करीब 9 हजार कंटेनर जैसे कूलर, गमले, टायर आदि भी चेक किए गए, ताकि डेंगू का लारवा पैदा ही न होने दिया जाए। इस अवसर पर एसडीएम आरपी सिंह, नगर निगम कमिश्नर बलवीर राज, आईएएस(अंडर ट्रेनिंग) गौतम जैन, सहायक कमिश्रर (सामान्य) रणदीप सिंह हीर, सहायक कमिश्रर(अंडर ट्रेनिंग) अमित सरीन, सिविल सर्जन डा. रेनू सूद, जिला शिक्षा अधिकारी (से) मोहन सिंह लेहल उपस्थित थे।
फोटो- उद्योग व वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा पैदल चल कर जिला प्रशासन की विशेष डेंगू जागरुकता रैली का नेतृत्व करते हुए