किसानों ने मजदूर को मुआवजा दिलाने को कंबाइन फैक्ट्री का किया घेराव
-कंबाइन एसोसिएशन ने भी कारोबार बंद कर की हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। मृतक मजदूर के परिजनों के मुआवजा दिलाने के लिए कस्बा हंडिआया में स्टैंडर्ड कंबाइन एग्रीकल्चर के गेट के समक्ष भारतीय किसान यूनियन उगराहां व मजदूर यूनियन ने मृतक मजदूर गुरबेअंत सिंह निवासी छन्ना के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने के लिए फैक्ट्री के गेट आगे रोष धरना लगा दिया। दूसरी तरफ कंबाइन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन पंजाब व बरनाला डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज चेंबर ने भी मंगलवार को अपनी सभी फैक्ट्रियों का कारोबार बंद करके हड़ताल कर दी है। जबकि भारतीय किसान यूनियन के सतनाम सिंह दीवाना, बलजीत कौर चौहान, कृष्ण सिंह, भगत सिंह, भोला सिंह, गुरप्रीत सिंह, भान सिंह, पाल सिंह ने कहा कि फैक्ट्री मालिक मृतक मजदूर परिवार को 10 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा दे नहीं तो रोष धरना ऐसे ही जारी रहेगा। परंतु दूसरी तरफ कंबाइन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन पंजाब व बरनाला डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज चेंबर के संचालकों बलविंदर भरी, नछत्तर सिंह, दर्शन सिंह, जोगिंदर भरी, जगजीत सिंह, मक्खन सिंह भरी, बूटा सिंह भरी, बलदेव सिंह भरी, हरजिंदर सिंह एमएस एग्रीकल्चर, साबका सरपंच हरदेव सिंह काला कुलवंत राय पेट्रोल पंप वाले, अवतार सिंह भरी, जगतार सिंह भरी, गंधार सिंह, गुरमेल सिंह, दिलीप सिंह, कुलदीप सिंह, रंजीत सिंह, जोगिंदर सिंह काका, कुलवंत सिंह, राजकुमार, विकास कुमार, जितेंद्र गोयल, नवनीत गोयल आदि डेढ़ सौ के करीब छोटे बड़े इंडस्ट्री प्रबंधकों ने कहा उन्होंने अपनी फैक्ट्री में शेड की रिपेयर का काम ठेकेदार चमकौर सिंह को 2 दिन के लिए ठेके पर दिया हुआ था इस काम की रिपेयर के लिए ठेकेदार चमकौर सिंह अपने ही गांव छन्ना निवासी गुरबेअंत सिंह मजदूर को अपने साथ ही लेकर आया था व उसे काम पर लगा दिया था कि करीब एक घंटे बाद ही हादसा हो गया व उसकी मौत हो गई। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पुलिस द्वारा एक तो फैक्ट्री मालिक बलविंदर सिंह पर झूठा केस दर्ज किया गया है दूसरा किसान यूनियन व मजदूर संगठन उनकी फैक्टरी के गेट के आगे धरना लगाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे है जो कि उनके साथ सरासर नाइंसाफी हैं। उन्होंने कहा कि वह एसएसपी बरनाला हरजीत सिंह व डीसी धर्मपाल गुप्ता से मिल कर इंसाफ की गुहार लगाई हैं परंतु उन्हें अभी तक इंसाफ नही मिला हैं। एसएसपी हरजीत सिंह आईपीएस ने कहा कि पुलिस केस की जांच कर रही है सभी को इंसाफ दिया जाएगा किसी के साथ भी नाइंसाफी नही होगी।