नशे के खिलाफ किसानों और मजदूरों का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। नशे के कारोबार को रोकने में नाकाम रही प्रदेश सरकार के खिलाफ सोमवार को भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां और पंजाब खेत मजदूर यूनियन की प्रदेश कमेटी के आह्वान पर किसानों और मजदूरों ने एसडीएम दफ्तर के सामने धरना दिया। इस अवसर पर किसानों ने एसडीएम द्वारा प्रदेश सरकार को नशा नहीं-रोजगार मुहिम के तहत ज्ञापन भेजा। इस अवसर पर किसान नेता दर्शन सिंह भैनी महिराज, जनरैल सिंह बदरा, बुक्कण सिंह सद्दोवाल, मजदूर नेता बलविन्दर सिंह, बलजीत कौर और गुरनाम सिंह भोतना ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव से पहले चार सप्ताह में नशा खत्म करने की शपथ ली थी, लेकिन कांग्रेस के सत्ता संभालने के बाद नशा कम होने के बजाय बढ़ा ही है। उन्होंने मांग की कि नशा फैलाने वाले गठजोड़ को नकेल डाली जाएं, नशे के व्यापारियों की जायदाद जब्त की जाएं, गांव में शराब के ठेके नहीं रखने को कानूनी मान्यता देना, नशों की गिरफ्त में आए युवकों को अस्पताल में भर्ती करवाओ, नशों के पक्के हल के लिए हर बेरोजगार को योग्यता के अनुसार काम दें।