दो खाद स्टोर के बीज लाइसेंस सस्पेंड
मिशन तंदरुस्त पंजाब के अंतर्गत कृषि विभाग ने की औचक चेकिंग
आठ डीलरों के बीज के सैंपल फेल, कारण बताओ नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विनय कुमार शर्मा के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने मिशन तंदरुस्त पंजाब के अंतर्गत जिले के 105 डीलरों की औचक चेकिंग की। इस दौरान कीटनाशक, बीज और खाद के सैंपल चैक किए गए। आठ डीलरों के सैंपल फेल पाए गए। विभाग ने दो डीलरों के बीज के लाइसेंस एक माह के लिए सस्पेंड कर दिए जबकि छह डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अगर वे कोई संतोषजनक जवाब न दे पाए तो उनके लाइसेंस भी एक माह के लिए सस्पेंड कर दिए जाएंगे। मुख्य कृषि अधिकारी डा. विनय कुमार शर्मा ने बताया कि उनके नेतृत्व में विभाग की टीम जिनमें डॉ. सुरिंदर सिंह, डॉ. जसवीर सिंह और डॉ. दीपेंद्र सिंह ने जिले के 105 डीलरों के यहां औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कीटनाशक के 48, बीज के 143 और खाद के 37 सैंपल चेक किए गए। कुछ कीटनाशकों और खाद के कुछ सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है जबकि कुछ की आनी बाकी है। बीज के चैक किए सैंपलों में आठ डीलरों के बीज सैंपल फेल हो गए है। विभाग की ओर से डडवाल खाद स्टोर धूतकलां और गौतम खाद स्टोर हाजीपुर के लाइसेंस एक माह के लिए सस्पेंड कर दिए हैं जबकि बाकी डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दस दिन में जवाब मांगा गया है। डॉ. शर्मा ने कहा कि मिशन तंदरुस्त पंजाब के अंतर्गत विभाग की ओर से लगातार चेकिंग की जा रही है और सैंपल भर कर उनकी जांच भी करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में किसानों के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।