दरिया में डूबे दो भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार
गढ़शंकर (होशियारपुर)। गत दिवस हिमाचल प्रदेश में सुजानपुर के पास बालकरूपी पुल के करीब एक हादसे में हिमाचल-पंजाब सीमा से सटे गांव बाथड़ी (जिला ऊना) के दो सगे भाइयों की न्यूगल दरिया में डूबने से मौत हो गई थी। गत दिवस बालकरूपी पुल पर दरिया में नहाने के लिए उतरे भाई को बचाने के लिए दूसरा भाई भी कूद गया था। इस हादसे में दोनों सगे भाइयों की मौत हो गई थी। रविवार को दोनो भाइयों का गांव बाथड़ी में एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक गढ़शंकर से नंगल रोड पर पड़ते गांव बाथड़ी के एक परिवार के दो युवक सन्नी (23) और मोंटी (21) बीते दिन हिमाचल के पहाड़ी इलाके में अपने मामा के लड़के साथ एक धार्मिक स्थान पर माथा टेकने के लिए गए थे। बताया जाता है कि सुबह नहाने के लिए दरिया में उतरे ही थे कि सन्नी का पैर खिसकने से वह पानी में बह गया, उसे बचाने के लिए छोटे भाई मोंटी ने उसके पीछे ही पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद वह भी पानी में घिरकर तथा पत्थर में सिर लगने से डूब गया। उनके परिवार में अब माता पिता हैं। उनकी बहन की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। दोनों की मौत से गांव में शोक लहर है।