सांप ने काटा किसी को खबर नहीं, छात्रा की मौत
दादी के साथ घर में थी अकेली, पशुओं को घास डालने के बाद हालत हुई खराब
अमर उजाला ब्यूरो
तलवाड़ा (होशियारपुर)। तलवाड़ा के गांव सुखचैनपुर हरड़बाड़ा में ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा की सांप के काटने से मौत हो गई। छात्रा के परिजनों से मिली जानकारी अनुसार घटना 9 जून की है। उस दिन 16 वर्षीय काजल शर्मा पुत्री अशोक शर्मा निवासी गांव सुखचैनपुर-हरडबाड़ा घर में अपनी दादी के साथ अकेली थी। दोपहर को वह पशुओं को घास डालकर जब कमरे में आई तो उसकी तबीयत खराब होने लगी। घर में कोई न होने के कारण वह कमरे में लेट गई। कुछ देर बाद जब काजल की बड़ी बहन पढ़कर घर लौटी तो उसने देखा कि काजल कुछ बोल नहीं रही और पसीने से बुरी तरह भीगी हुई है। इस पर उसने मदद के लिए पड़ोसियों से गुहार लगाई। काजल की हालत खराब सुनते ही आसपास के लोग उसकी मदद के लिए भागे तथा उसे भोल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टर ने उसे तलवाड़ा ले जाने की बात कही। जब वह काजल को लेकर तलवाड़ा अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए किसी बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही, मगर तब तक काजल दम तोड़ चुकी थी। डाक्टरों के अनुसार काजल की मौत सांप के काटने से हुई, क्योंकि उसका सारा शरीर नीला पड़ चुका था व उसकी टांग पर सांप के काटने के निशान भी थे। इसका पता चलते ही उसके परिजनों पर दुखों का कहर टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया। 10 जून को काजल का संस्कार किया गया। इलाके में जंगली जीवों के बढ़ते हमलों से जहां इलाका निवासियों में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं इलाके में सांप के काटने का इलाज न मिलने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।