गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिले परिजन
अबोहर। गांव जंडवाला हनुवंता निवासी दलित नाबालिग को बंधक बनाकर पीटने और वीडियो वायरल करने वालों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसके चलते पीड़ित के परिजनों ने शुक्रवार को एसपी अमरजीत सिंह से मुलाकात कर दोषियों की गिरफ्तारी और मामले में एससीएसटी तथा आईटी एक्ट जोड़ने की मांग की। पीड़ित 14 वर्षीय प्रह्लाद की मां छिंदर कौर व पिता कृष्ण लाल ने मांगपत्र में कहा कि गत दिनों गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने एक रिश्तेदार संग उनके बेटे को बंधक बनाकर लाठियों से पीटा। साथ ही पिटाई का वीडियो वायरल करते हुए उनके मान सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। एसपी ने दोषियों के खिलाफ दर्ज धाराओं में बढ़ोत्तरी कर दी। साथ ही भरोसा दिया मामले की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी से कराई जाएगी। इस मौके पर गोपीराम अंग्रेज मेघवाल, नौरंग राम, रत्तीराम, विनोद जंगालिया मौजूद थे।