डिलीवरी के बाद रेफर महिला की मौत
अस्पताल के बाहर बैठकर परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर।
सिविल अस्पताल होशियारपुर में नॉर्मल डिलीवरी के दौरान बेटे को जन्म देने के बाद सोमवार को ही देर शाम पीजीआई चंडीगढ़ रेफर की गई 26 वर्षीया महिला सपना पत्नी दीपक कुमार निवासी लुधियाना की मौत से गुस्साए परिजनों ने मंगलवार दोपहर 3 बजे के करीब सिविल अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ डॉक्टरों के खिलाफ रोष प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि सपना ने एक बेटे को जन्म दिया लेकिन बाद में सेहत बिगडने पर पहले तो किसी ने ध्यान नहीं दिया लेकिन बाद में उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही उसने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। मंगलवार को मृतका के परिजनों ने डाक्टर के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर सिविल अस्पताल के बाहर दोपहर दो बजे रोष प्रदर्शन किया और डाक्टर के खिलपाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मामला गर्माता देख थाना मॉडल टाऊन के प्रभारी नरिंदर कुमार और सिटी थाने के प्रभारी लोमेश शर्मा पुलिस पार्टी सहित पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत किया। सपना (25) पत्नी दीपक कुमार निवासी नानक नगर लुधियाना की मां राज रानी ने बताया वो अपनी बेटी के दूसरे बच्चे की डिलीवरी कराने के लिए सिविल अस्पताल आए थे। दो तीन पहले तो डाक्टरों ने ये कह कर उन्हें भेज दिया कि अभी आठवां महीना है, लेकिन फिर जब सपना को पेन शुरू हुई तो वो रविवार को सिविल अस्पताल लेकर आए। जहां डाक्टरों ने उनसे ये कह कर फार्मों पर साइन करा लिये की अभी आठवां महीना और नवजात बच्चे के कुछ अंग कम भी हो सकते है तो हमने उन्हें कहा कि हमारी बेटी तो ठीक रहेगी तो डाक्टरों ने उन्होंने कहा आपकी बेटी ठीक रहेगी। जिसके बाद सोमवार को 12 बजकर 5 मिनट पर सपना की नार्मल डिलीवरी हुई और उसने एक लड़के को जन्म दिया लेकिन बाद में हालत बिगड़ते देख उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया अचानक से डाक्टरों ने खून का इंतजाम करने के लिए भी बोल दिया। परिजनों ने बताया एंबुलेंस में कोई भी सेहत कर्मी नहीं था और न ही ऑक्सीजन सिलेंडर रखा था। उन्होंने बताया पीजीआई पहुंचने से पहले ही सपना ने दम तोड़ दिया। इसी बात से गुस्साये सपना के परिजनों ने मंगलवार को होशियारपुर के सिविल अस्पताल पहुंच सिविल अस्पताल के डाक्टरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामला गर्माता देख कर थाना मॉडल टाऊन के प्रभारी नरिंदर कुमार व सिटी के प्रभारी लोमेश शर्मा मौके पर पहुंचे और मृतका का डाक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की बात पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। एचएचओ लोमेश शर्मा ने बताया पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा जिसके बाद पुलिस बनती कार्रवाई करेगी।