मानसिक परेशानी में युवक ने की खुदकुशी
मोगा। जिले के गांव डाला और मैहरों के बीच पड़ते एक भट्ठे पर मानसिक परेशानी में एक नौजवान युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना अजीतवाल के हवलदार सोहन सिंह ने बताया कि अवतार सिंह उर्फ लाली (24) निवासी गांव सलेमपुरा सिधवा वेट (लुधियाना) एक ईंट भट्ठे पर ईंट बनाने का काम करता था। उसने रात को वहां मोटर पर लगे एक पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इसका पता सुबह चलने पर वहां काम करने वाले अन्य लोगों ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। हवलदार सोहन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मृतक की माता हरजिंदर कौर और अन्य रिश्तेदार वहां पहुंचे। मृतक की माता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा अवतार सिंह लाली मानसिक तौर पर परेशान था। हमने उसे पूछा और समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन उसने कोई बात नहीं बताई। इस वजह से उसने खुदकुशी की है। पुलिस ने हरजिंदर कौर के बयानों पर कार्रवाई की है।