नवांशहर में बंद का पूरा असर
अमर उजाला ब्यूरो
नवांशहर।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से एससी-एसटी एक्ट में किए गए संशोधन के खिलाफ विभिन्न दलों की ओर से की गई बंद की काल का जिले में पूरा असर देखने को मिला। नवांशहर में बंद पूरी तरह से सफल रहा। इस दौरान गांव मुबारकपुर के पास लोगों की ओर से नवांशहर को आने वाली ट्रेन को भी रोका। जिले में बंद पूरी तरह से शांतिपूर्वक रहा। इस दौरान पूर्व विधायक शिंगारा राम सहूंगड़ा ने कहा कि लोकसभा, राज्य सभा व विधानसभाओं में सैकड़ों की संख्या में दलितों के जीते हुए प्रतिनिधि बैठे हैं, लेकिन वह ही समाज हक के लिए सही ढंग से आवाज नहीं उठा रहे। अगर वह लोकसभा में इसके विरोध में प्रस्ताव ले आएं, तो कानून में संशोधन रुक सकता है। वक्ताओं ने कहा कि एक साजिश के तहत एससी व पिछड़े समाज के लोगों को दबाने के उद्देश्य से यह संशोधन किया गया है, जिसे वह लागू नहीं होने देंगे। इस दौरान बसपा जिला प्रधान सर्बजीत जाफरपुर, पार्षद डॉ. कमल, पार्षद परिमंदर मेनका, महां सिंह रौढ़ी, बलवीर जाडला, रमन कुमार मान और जसबीर दीप भी मौजूद थे।