जुर्माने और अदालती मामले रद्द करवाने को धरने पर बैठे
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। खेती की मोटरों को पावरकॉम की ओर से भेजे गए लाखों के जुर्माने सहित बिल एवं अदालतों में चल रहे अन्य मामले रद्द करवाने की मांग को लेकर भदौड़ के पावरक़ॉम कार्यालय के समक्ष तीन किसान यूनियनों ने धरना शुरू किया है। किसान संगठनों ने पावरकॉम व प्रदेश सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। मौके पर ब्लाक महलकलां भाकियू (एकता उग्राहां) के प्रधान हरजीत सिंह दीवाना, बीकेयू (डकौंदा) के भोला सिंह ने कहा कि किसानों ने लाखों रुपये मोटर कनेक्शन लेने के लिए भदौड़ पावरकॉम के पास जमा करवाए थे। इसके बाद भी उन्हें कनेक्शन नहीं मिले। बाद में पता चला कि विभाग के एक जूनियर इंजीनियर ने अपने बड़े अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर उनके मोटर कनेक्शन बिना दर्ज किए चालू किए थे। किसानों का कहना है कि इसमें किसान नहीं विभाग के अधिकारी दोषी हैं। इस दौरान जिला प्रधान बुक्कन सिंह सद्दोवाल, जिला महासचिव चमकौर सिंह नैणेवालिया, ब्लाक प्रधान कुलवंत सिंह मान, दर्शन सिंह उगोके, बूटा सिंह, कर्मजीत सिंह, गुरचरन सिंह, लाभ सिंह संधू कलां उपस्थित थे।