केंद्र की शह पर आप विधायकों की हुई गिरफ्तारी : सचदेवा
धक्केशाही के खिलाफ सोमवार को आप नेता करेंगे प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर।
आम आदमी पार्टी के दो विधायकों को दिल्ली सरकार द्वारा गिरफ्तार करने की घटना की आम आदमी पार्टी दोआबा जोन के प्रधान परमजीत सिंह सचदेवा ने कड़ी निंदा की। सचदेवा ने कहा कि ये सब केंद्र सरकार के की सोची समझी साजिश है और एक षयडंत्र के तहत आम आदमी पार्टी के दो विधायकों को गिरफ्तार किया गया हैं। उन्होंने कहा इस संबंध में होशियारपुर में सोमवार को रोष प्रदर्शन किया जाएगा। परमजीत सिंह सचदेवा ने कहा कि एक आईएएस आफिस (चीफ सेक्रेटरी) की मौखिक शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली सरकार के दो विधायकों को गिरफ्तार कर लिया जाता है। जिसका अभी तक किसी के पास कोई सबूत हैं। उन्होंने बताया जो सीसीटीवी फुटेज सामने आई है वह 5 मिनट की और उसमें अधिकारी के आने और जाने तक दिखाई दे रहा है, जिससे साफ है कि अधिकारी की विधायकों से कितनी देर मुलाकात हुई होगी। जब विधायकों द्वारा अधिकारी को बोला गया कि ढाई महीने से लोगों को राशन नहीं मिल रहा तो अधिकारी ने जवाब दिया कि उसकी जवाबदेही आपको नहीं, जवाबदेही एलजी को है। सचदेवा ने कहा पूरे मामले में दिल्ली पुलिस का रोल भी संदेहपूर्ण है। साफ है कि ये सब केंद्र सरकार की शह पर हो रहा है और केंद्र सरकार तीन साल पहले अपनी हार को नहीं भूल सकी है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार की धक्केशाही के खिलाफ सोमवार को होशियारपुर में प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ सिटी प्रधान मदन लाल सूद, रूरल प्रधान गुरविंदर सिंह पावला, जनरल सेक्रेटरी पंजाब डा. रवजोत सिंह, जसवीर सिंह राजा, दोआबा जोन के जनरल सेक्रेटरी प्रो. हरबंस सिंह और जसवीर परमार भी मौजूद थे।