सुबह से हो गई शाम..मनोहर से नहीं मिल पाए साईंराम
युवाओं को स्वच्छता का संदेश दे रहे ‘गांधी जी’
गांधी के भेष में पहुंचा था पुरी का रहने वाला युवक
चंडीगढ़।
हरियाणा विधानसभा के बाहर 24 वर्षीय साईंराम कई घंटे तक सीएम से मिलने के इंतजार में खड़े रहे। वह गांधी की वेशभूषा में सीएम मनोहर लाल से मिलने आए थे। साईंराम ने बताया कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कुरुक्षेत्र में गीता जयंती समारोह के दौरान भी मिल चुके हैं। वह महात्मा गांधी के गेटअप में पिछले लंबे समय से उड़ीसा से लेकर भारत के अलग-अलग राज्यों में पैदल यात्रा कर रहे हैं। साईं राम उड़ीसा के पुरी के रहने वाले हैं और उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के अभियान को युवाओं तक पहुंचाने के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं और स्वच्छ भारत मिशन को आम लोगों से लेकर युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। साईं राम ने कहा कि वह चंडीगढ़ से दिल्ली तक पैदल यात्रा करेंगे और 26 जनवरी तक दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की कोशिश करेंगे। साईं राम ने बताया कि वो महात्मा गांधी का गेटअप इसलिए लिए हुए हैं ताकि महात्मा गांधी की सोच को युवाओं तक पहुंचाया जा सके और इसी वजह से वो 2000 किलोमीटर की अपनी पैदल यात्रा इसी गेटअप में कर रहे हैं।