आग में जल गई थी पीयू के टीचर्स की सर्विस बुक
- आठ महीने गुजरने के बाद भी नहीं बनी सर्विस बुक
चंडीगढ़।
पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन ने पीयू प्रबंधन को पत्र लिखकर मांग की है कि जिन शिक्षकों की सर्विस बुक आग में जल गई थी, उन्हें जल्द से नई सर्विस बुक उपलब्ध कराई जाए। सर्विस बुक बनाने का काम चुनिंदा के लिए न होकर सभी के लिए होना चाहिए। पूटा अध्यक्ष प्रो. राजेश गिल ने बताया कि कई शिक्षक सर्विस बुक न होने से परेशान हैं और उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों के पास चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पीयू प्रबंधन ने वादा किया था कि जल्द से जल्द सभी प्रभावित शिक्षकों को सर्विस बुक मुहैया कराई जाएगी, लेकिन करीब आठ माह गुजरने के बाद भी किसी को सर्विस बुक नहीं मिली। गौरतलब है कि पिछले साल पीयू के प्रशासनिक भवन में आग लगने के कारण काफी रिकार्ड जल गया था। उसमें शिक्षकों की सर्विस बुक भी थी।