ब्लड डोनर की याद आज ब्लड डोनेशन कैंप
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ब्लड डोनर अमित खंडेलवाल की याद में देश के कई हिस्सों में आज रक्तदान शिविर लगने जा रहा हैं। बलटाना निवासी व चंद्रशेखर आजाद ग्रुप के संस्थापक अमित खंडेलवाल की मौत उस समय हो गई थी, जब वे ब्लड डोनेट कर वापस घर लौट रहे थे। अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी याद में श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट बुधवार को रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। चंडीगढ़ में रक्तदान शिविर सेक्टर 17 स्थित ब्रिज मार्केट में लगेगा, जबकि पंचकूला में यह कैंप सेक्टर 16 अग्रवाल धर्मशाला में लगेगा। कैंप की शुरुआत सुबह साढ़े नौ बजे होगी। अमित खंडेलवाल की पहचान ब्लड डोनर के तौर पर थी। 24 साल के जीवन में वह 38 बार ब्लड डोनेट और प्लेटलेट्स दे चुके थे। जब भी उन्हें रक्तदान के लिए कोई बुलाता वह तुरंत उसके पास पहुंच जाते। न दिन देखते थे और न ही रात। वह पेशेंट को रेग्युलर फालो करते हैं। इससे उनका नेटवर्क बहुत अच्छा था। कोई भी कैंप लगता था तो उसमें उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रहती थी। श्री शिव कांवड़ संघ के प्रेसिडेंट राकेश संगर ने बताया कि अमित की याद में सिर्फ चंडीगढ़ में नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों में रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं।