पंचकूला। चोरी की अलग-अलग आठ वारदातों को अंजाम देने वाले 15 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पंचकूला पुलिस की क्राइम यूनिट के सहयोग से सेक्टर-5 पुलिस ने कार, मोबाइल, एसी, साइकिल, ई-रिक्शा, मोबाइल फोन सहित अन्य चोरी की 8 वारदातों में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के 38150 रुपये, 10 बैटरियां, एक साइकिल, एक मोबाइल और एक कार बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड खंगाला जाएगा और अगर आरोपी पहले किसी अन्य वारदात में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।