बरवाला में बैंकों की खाली हाथ सुरक्षा कर रहे गार्ड
बरवाला। बरवाला में बैंकों की तो भरमार हो चुकी है। लेकिन कई बैंकों में लगे सुरक्षा गार्ड खाली हाथ ड्यूटी दे रहे हैं। इस कारण इन बैंकों में उपभोक्ता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें हमेशा बैंक में ठग व लुटेरों का भय रहता है। ऐसे में जब सुरक्षा गार्डों के पास उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए कोई गन या दो नाली नहीं होगी तो ठग और लुटेरों से कैसे बैंक की सुरक्षा करेंगे। खाली हाथ सुरक्षा गार्ड कुछ भी नहीं कर सकता। जबकि बरवाला में एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक सहित कई बैंकों में सुरक्षा गार्ड खाली हाथ ड्यूटी कर रहे हैं। इस बारे जब बैंक शाखा के प्रबंधकों से पूछा जाता है तो वे ये कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि उन्होंने सुरक्षा गार्डों को गन या बंदूक मुहैया कराने के लिए बैंक के अधिकारियों को अवगत करा रखा है। उधर, बैंक में आए उपभोक्ता विक्रम सैनी, विशाल, संदीप, शमशेर सिंह ने कहा कि सभी बैंकों में सुरक्षा गार्डों के पास उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए गन व बंदूक जरूर होनी चाहिए।