पिंजौर। अवैध खनन कर मैटेरियल को स्क्रीनिंग प्लांट और स्टोन क्रैशर पर सप्लाई करने के आरोप में पिंजौर पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता खनन अधिकारी खान एवं भू विज्ञान पंचकूला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि खनन रक्षक द्वारा विभाग बताया गया कि तसविंद्र उर्फ बहादुर सिंह निवासी गांव सुखोमाजरी, जमीन मालिक उजागर, जसमेर सिंह उर्फ शेरा निवासी जट्टां माजरी द्वारा मिलकर गांव बसौंला क्षेत्र से अवैध खनन कर खनन सामग्री गांव बाड़ में स्थित जय मां दुर्गा स्क्रीनिंग प्लांट व स्टोन क्रैशर पर डाली गई। इसके अलावा खनन रक्षक द्वारा उपरोक्त स्क्रीनिंग प्लांट और क्रशर पर जाकर वहां स्टॉक किए खनिज का भी निरीक्षण किया। जब स्टॉक किए खनिज के खरीद फरोख्त के सबूत मांगे गए तो प्लांट के मुंशी और स्टॉफ द्वारा कोई भी कागजात पेश नहीं किया गया। खनन अधिकारी ने बताया कि इस से पूर्व भी तसविन्द्र उर्फ बहादुर सिंह के खिलाफ अवैध खनन के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अवैध खनन के आरोप में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।