संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरवाला रोड पर एक पिकअप गाड़ी से शराब की 125 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चंडीमंदिर थाने में मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंडीगढ़ से पिकअप गाड़ी में अवैध शराब लोड कर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव रिहोड़ के पास पुराने बाईपास पर नाकाबंदी की। इसी दौरान पिकअप को रोककर जांच की गई। गाड़ी की तलाशी लेने पर 125 पेटियां शराब मिलीं। सभी पेटियों पर बिक्री के लिए यूटी चंडीगढ़ लिखा हुआ था। पुलिस ने शराब सहित पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान अमनदीप जिला कुरुक्षेत्र निवासी के रूप में हुई है।