फर्जी वोट का खेल अब खत्म
-ईआरओ नेट पैन इंडिया से डिलीट होंगे हरियाणा में बने डुप्लीकेट वोट
-मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नसीम जैदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से लांच की नई प्रणाली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा में आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में फर्जी वोट का खेल खत्म करने के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है। हरियाणा निर्वाचन विभाग ने आयोग की मदद से फर्जी वोट की संख्या मतदाता सूचियों में न के बराबर करने के लिए ईआरओ नेट पैन इंडिया प्रणाली तैयार की है। जिसे शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नसीम जैदी ने लांच किया। ईआरओ नेट के माध्यम से ही अब नए वोट बनेंगे और पुराने वोट का पूरा डाटा भी इस पर अपलोड किया जाएगा। इससे वोट की डुप्लीकेसी जांची जाएगी और वोट फर्जी पाए जाने पर उन्हें काटा जाएगा। नए वोट का आवेदन आने पर उसी जांच सभी राज्यों के निर्वाचन विभाग में होगी, उसके बाद ही वोट बनेगा। जांच में अन्य राज्य में पहले से वोट बना होने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। जिन मतदाताओं के वोट हरियाणा के अलावा और कहीं भी हैं, उन्हें काटने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। डॉ. नसीम जैदी ने कहा कि हरियाणा देश में ऐसा पहला राज्य बन गया है, जिसमें ईआरओ नेट से वोट बनाए जाएंगे। वोटर कार्ड में जानकारी शामिल कराने, हटाने व गलती को दुरूस्त कराने, निवास स्थान परिवर्तन, नाम एक मतदाता सूची से हटाकर दूसरी में शामिल कराने का काम अब इसी सिस्टम से होगा। जैदी ने कहा कि युवा वर्ग के अलावा अन्य मतदाताओं को इससे फायदा होगा। पंजीकरण कराना आसान हो जाएगा। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अंकुर गुप्ता ने बताया कि पहली जुलाई से 31 जुलाई तक 18 वर्ष से 21 वर्ष की उम्र के युवाओं को अधिक से अधिक ईआरओ नेट के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। वोटर कार्ड बनवाने से वंचित करीब 8 लाख युवा ऐसे हैं, जिनकी आयु 18 से 21 वर्ष के बीच है। जनता की सुविधा के लिए हरियाणा निर्वाचन विभाग ने टोल फ्री नंबर 1950 भी शुरू किया गया है।