गौरी ने दिलाया वर्ल्ड शूटिंग में कांस्य
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
शहर के डीएवी कॉलेज की एक और छात्रा गौरी ने वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में देश को पदक दिला दिया। इससे पहले इस कॉलेज की छात्रा यशस्विनी देसवाल ने दस मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक दिलाने में सफलता प्राप्त की थी। इस प्रतियोगिता का आयोजन जर्मनी के शूल में हो रहा है। इस चैंपियनशिप में गौरी ने 25 मीटर पिस्टल के टीम इवेंट में कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में चीन और थाइलैंड भारत से आगे रहे। इस टीम इवेंट में गौरी के साथ मुस्कान और चिंकी यादव शामिल रही। यशस्विनी और गौरी के अलावा कॉलेज के अनहद ने ज़ी 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में कांस्य पदक दिलाया था। निशानेबाजों की सफलता पर कोच अमन मान ने कालेज के लिए गर्व की बात कही।