हरियाणा में कोरोना के 121 नए केस मिले हैं, जबकि 17 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। राहत की बात यह है कि 22 में से मात्र पलवल में 20 नए केस मिले हैं, शेष सभी जिलों में इससे नीचे केस मिले हैं। साथ ही ठीक होने वालों की संख्या 227 है।
एक दिन की पॉजिटिविटी रेट घटकर 0.41, दूसरी लहर की 11.75 और कुल संक्रमण दर 7.76 फीसदी है। रिकवरी दर 98.55 फीसदी है और मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है।
एक्टिव केसों की संख्या घटकर 1804 रह गई है। कोरोना से शनिवार को 17 मरीजों की मौत हुई। इनमें गुरुग्राम, हिसार, पानीपत, भिवानी 2-2, सोनीपत, करनाल, रोहतक, सिरसा, झज्जर, पलवल, कैथल, जींद, नूंह में 1-1 मरीज की मौत दर्ज की गई। अब तक प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 9368 हो गई है।
डेल्टा प्लस वैरिएंट रोगी के सभी संपर्कों की तलाश तेज
फरीदाबाद जिले में हरियाणा का पहला डेल्टा प्लस वैरिएंट केस सामने आने पर सरकार सतर्क हो गई है। रोगी के सभी संपर्कों को तलाशा जा रहा है। कोरोना के सामान्य मामलों के अलावा डेल्टा व डेल्टा प्लस वैरिएंट के मामलों वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित होंगे। सरकार ने सभी डीसी को निर्देश दे दिए हैं।
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि फरीदाबाद के डेल्टा प्लस वैरिएंट के रोगी के संपर्क में आए सभी लोगों की तलाश कर पहले उनकी जांच फिर जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जाएगी।
फरीदाबाद में पहला मामला मिला है। इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इसे आगे बढ़ने से रोकने के लिए कदम उठा रहे हैं। सिविल सर्जन फरीदाबाद व स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि रोगी के संपर्क में आये सभी लोगों को तलाशा जाए और उनका टेस्ट कराएं।
अन्य जिलों में भी सिविल सर्जन को सतर्क रहने को कहा गया है। चूंकि, कोरोना की दूसरी लहर का खतरा पूरी तरह टला नहीं है। डेल्टा प्लस वैरिएंट के केस सामने आना चिंता का विषय है। सरकार इससे लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। सारे हरियाणा मे लगातार टेस्टिंग जारी है और बहुत उच्च स्तर पर टेस्ट किए जा रहे हैं।