फोटो सहित
मनीमाजरा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, सामान जब्त कर काटे चालान
मनीमाजरा। सड़कों पर दुकानदारी सजाये बैठे शोरूम मालिक और दुकानदारों पर प्रशासन का डंडा चला है। मंगलवार को मनीमाजरा में अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मोटर मार्केट और बस स्टैंड के समीप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान शोरूम और दुकानों के बरामदे में रखे गए सामान को वहां से हटा दिया गया। इंस्पेक्टर मदन लाल शर्मा और वेद प्रकाश ने कुछ दुकानदारों द्वारा बरामदे में रखे गए सामान को जब्त कर लिया और फिर उनका चालान काटा। इसके साथ ही शहर के दुकानदारों को अतिक्रमण न करने को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। शहर के दुकानदारों को कहा गया है कि सामान को बरामदे में न रखें। अगर दुकानदार चेतावनी को नजरअंदाज करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौर रहे कि मनीमाजरा में बस स्टैंड के पास और मोटर मार्केट में बने बूथ और शोरूम के आगे के दुकानदारों ने पूरी तरह से अपना कब्जा कर रखा है। दुकानदार दिन भर दुकानों को सारा सामान बरामदे में सजा कर रखते हैं। बस स्टैंड के सामने वाले बूथ में तो परदे वाले और हलवाइयों ने कब्जा कर रखा है, जिसके चलते आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।