पंचकूला। जिले में कोरोना संक्रमण के शुक्रवार को 104 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 77 संक्रमित पंचकूला के जबकि अन्य दूसरे जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 326 हो गई है। इनमें से 13 मरीजों को गंभीर हालत के चलते विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, वहीं 313 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण फिर से जोर पकड़ने लगा है। हर रोज 100 से ज्यादा कोरोना संक्रमित नए मिल रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ती जा रही है। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने कहा कि कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। अब तक जिले के कुल 47177 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46433 मरीज ठीक हो चुके हैं वहीं 418 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
डिप्टी सिविल सर्जन और कोविड नोडल ऑफिसर डॉ. नवजोत तिवाना ने बताया कि अब तक 524 स्वास्थ्य कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 209 कर्मचारी इसी साल संक्रमित हुए हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 704 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी। उन्होंने लोगों ने कोरोना के संबंध में स्वास्थ्य विभाग और सरकार की ओर से जारी हिदायतों का पालन करने की अपील की।