संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने पुन्हाना स्थित आईडीबीआई बैंक पहुंचकर ग्रामीणों की पेंशन और बैंक खातों से संबंधित समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बैंक मैनेजर से मुलाकात कर ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान के लिए विस्तार से बातचीत की।जान मोहम्मद ने कहा कि क्षेत्र के कई ग्रामीणों को पेंशन से संबंधित कार्यों और बैंक खातों के संचालन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बैंक अधिकारियों को इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने बैंक मैनेजर से ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द निपटारा करने और बैंकिंग सेवाओं को बेहतर बनाने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है।