संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिले के गांव पल्ला में युवक के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। साहबू, पुत्र पहलू ने पुलिस को बताया कि 16 जून की शाम उसका चचेरा भाई साजिद खेत में ट्यूबवेल पर सो रहा था। इसी दौरान वाहनों में सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने हथियारों के बल पर उसका अपहरण कर लिया। गांव में मकान में ले जाकर उसे लोहे की रॉड, लाठियों और अन्य हथियारों से पीटा गया। आरोप है कि इस दौरान साजिद के दोनों पैर टूट गए तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आईं। बाद में आरोपियों ने उसे अधमरी हालत में सुनसान स्थान पर छोड़ दिया।
परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 24 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी सुखराम ने बताया कि जांच जारी है।