संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। गांव बारा-बाजिदपुर अड्डे के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान गांव कोंडल, पलवल निवासी राजकुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके भाई राधे की शिकायत पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत के अनुसार, 8 सितंबर को राजकुमार अपने छोटे भाई राधे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पैतृक गांव मांडीखेड़ा से कोंडल लौट रहा था। इसी दौरान बारा-बाजिदपुर अड्डे पर राजकुमार ने सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी की और राधे पानी लेने दुकान पर चला गया। तभी गलत दिशा से आ रहे मोटरसाइकिल ने राजकुमार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज और बाद में दिल्ली ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जांच अधिकारी बाबूराम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।