पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक राजमिस्त्री की छह दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार अत्तरचट्टा निवासी बदन सिंह ने शिकायत में बताया कि वह और उनका बेटा नरेंद्र कुमार (राजमिस्त्री) नौ जुलाई की शाम पलवल से अपने गांव लौट रहे थे। नरेंद्र अपनी मोटरसाइकिल से आगे चल रहा था। शाम करीब साढ़े सात बजे अल्लिका मोड़ स्थित शनि देव मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, फिर मेडिकल कॉलेज और बाद में सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया।
परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान मंगलवार को नरेंद्र ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।