संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र में बंचारी गांव के पास केसीएम स्कूल के नजदीक वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इस्मायलपुर गांव निवासी निखिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता चंद्र प्रकाश की शिकायत पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में चंद्र प्रकाश ने बताया कि उनका बेटा निखिल कुमार गांव के ही विकास के साथ मोटरसाइकिल पर नोएडा जाने के लिए निकला था। 19 अक्तू बर को दोपहर करीब एक बजे दोनों गांव से रवाना हुए थे। रात करीब 8:30 बजे जब वे बंचारी गांव के पास केसीएम स्कूल के नजदीक पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठा निखिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।