संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। उपमंडल के अंतर्गत गांव सीलखो गांव में सोमवार को पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान जुबेर(28), पुत्र असलुप, निवासी सीलखो के रूप में हुई है। जुबेर अपने पीछे पत्नी, और दो व दो बेटियां को छोड़ गया है। वह पेशे से ड्राइवर था।
पूर्व सरपंच जाकिर रफीक, रुस्तम, लियाकत, नूर मोहम्मद, शाहिद आदि के अनुसार, सोमवार दोपहर वह गांव के निकट अरावली पहाड़ क्षेत्र में स्थित पुरानी पत्थर खदान की ओर चला गया। बरसात के चलते खदान में काफी पानी भरा हुआ था। कई युवक और बच्चे पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान जुबेर पानी में उतर गया, लेकिन कुछ समय बाद वह नजर नहीं आया।
काफी देर तक जब उसका पता नहीं चला तो आसपास मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में पानी में नहा रहे एक बच्चे के पैर से उसका शव टकराया, जिसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय युवकों ने उसे बाहर निकाला। बाहर निकालने पर वह मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
तावडू सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।पुलिस मौके पर हादसे के दौरान पहुंची जरूर थी यह एक प्राकृतिक घटना है।