पलवल।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुड्डा चौक के नजदीक शनिवार देर शाम तेज रफ्तार बस की टक्कर से सड़क पार कर रहे युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी रविंद्र (35) के रूप में हुई है। वह पलवल के आल्हापुर स्थित एक होटल में काम करता था। शनिवार देर शाम वह किसी काम से होटल से निकला था। इसी दौरान वह राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिक की दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।