हथीन। गांव मलाई में 12 जून को हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल नौमान की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थिति को देखते हुए उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश यादव स्वयं सक्रिय हुए और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस टीम पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए रोहतक रवाना हो गई।
थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि मृतक के पिता हन्नान की शिकायत पर पिछले सप्ताह ही 19 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब नौमान की मृत्यु के बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
विज्ञापन
शिकायत के अनुसार, 12 जून की शाम करीब पांच बजे हन्नान की पुत्रवधू मैमुना खेत में लकड़ी लेने गई थी। वहां अरशद ने उसके साथ गाली-गलौज की। मैमुना ने घर लौटकर इसकी जानकारी अपनी सास हाजरा को दी। हाजरा जब अरशद के घर शिकायत करने गई तो उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और उसे धक्का देकर घर से निकाल दिया गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर शाम करीब साढ़े छह बजे फरसे और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में नौमान, हमजा, साइना और मुन्फीदा घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नौमान को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अरशद, सद्दाम, इरफान, नूरदीन, दिलशाद, इरशाद, ताहिर, माजिद, यासिर, नासिर, आजाद, रोबिन, मुस्तकीम, हाकिम, हामिद, बज्जी, मोहिन, रिजवान, हाइला और इबरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।