संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। मामलिका गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने वाले युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता असलम ने पुलिस को बताया कि 24 अगस्त की शाम उसका भाई मामूर अपने दोस्त साजिद और सहजादा के साथ पिनगवां आया था। पैसों के लेन-देन को लेकर साजिद और सहजादा में कहासुनी हुई, जिसमें मामूर ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि इससे नाराज साजिद ने मामूर को धमकी दी। बाद में मामूर साजिद से माफी मांगने उसके पिता जोमू की खेत स्थित दुकान पर गया। आरोप है कि वहां जोमू ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान जोमू का बेटा और दो पोते भी लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और मामूर से मारपीट की, जिससे उसके कई दांत टूट गए।घायल को पहले मांडीखेड़ा, फिर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज और गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। जांच अधिकारी बाबू राम ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।