पलवल। सदर थाना क्षेत्र के सैलोटी गांव के पास दो युवकों के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बामणी खेड़ा निवासी शिकायतकर्ता हिमांशु ने बताया कि छह सितंबर को वह अपने दोस्त कृष्ण के साथ बाइक से अपने मामा के घर टप्पल जा रहा था। सैलोटी गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
हिमांशु के अनुसार आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर दो युवकों ने डंडों से और दो ने चाकू से उन पर हमला किया। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी कि उन्हें बामणी खेड़ा छोड़ने पर मजबूर कर देंगे। मारपीट और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गया। पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।