संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। होडल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 22 वर्षीय युवक को भरे बाजार से अगवा कर उत्तर प्रदेश के जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथौड़े और लोहे की सरिया से हमला कर युवक के दोनों पैर तोड़ दिए गए। इसके बाद आरोपी उसे जंगल में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने छह नामजद समेत सात अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव करमन निवासी चिंटू किसी मामले की जांच में शामिल होने के लिए होडल थाना आया था। दोपहर करीब दो बजे वह आधार कार्ड की फोटो कॉपी कराने थाने से बाहर निकला। आरोप है कि इसी दौरान तीन बाइक और एक कार में सवार आरोपी उसे बाजार से अगवा कर ले गए। जंगल में उससे मोबाइल और रुपये भी छीन लिए गए। सूचना पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और घायल युवक को बरामद कर अस्पताल पहुंचाया। होडल थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।