पलवल। पृथला गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे काशीपुर निवासी रोहताश की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रोहताश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का चचेरा भाई जगत अपने भतीजे सोनू के साथ फरीदाबाद जा रहा था। हाईवे पर भीड़ देखकर रुकने पर उसने रोहताश को खून से लथपथ पाया और उसे निजी वाहन से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलने पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है।