पलवल। शहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर तीन हजार रुपये लूट लिए गए। वह लोन की किस्त भरने जा रहा था। हमले में ओमबीर नाम के युवक का पैर टूट गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छज्जूनगर निवासी ओमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे वह अपनी बाइक से आगरा चौक के पास टीवीएस फाइनेंस से लिए लोन की किस्त भरने आया था। उसकी जेब में तीन हजार रुपये नकद रखे थे। इसी दौरान कुशलीपुर गांव निवासी सुरेश ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
ओमबीर के अनुसार सुरेश ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की और जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित ने बताया कि हमलावर ने उसकी जेब से तीन हजार रुपये भी निकाल लिए और भाग गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ओमबीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।