संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मामूली कहासुनी के विरोध में घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। दो युवकों ने चाकू व कांच की बोतल से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर थाना पुलिस ने घायल की मां की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार के अनुसार शहर के गुप्ता गंज बाजार निवासी गुड्डी ने शिकायत दर्ज कराई है कि चार जुलाई की रात को करीब 10 बजे वह और उनका बेटा नेपाली घर पर थे। उसी दौरान वहां कॉलोनी निवासी देव व जैकी आए और उनके दरवाजे से नेपाली को आवाज लगाई तो उनका बेटा नेपाली गेट की तरफ चल दिया, उसके पीछे वह भी चल दीं। नेपाली के दरवाजा खोलते ही देव व जैकी जबरन घर में घुस आए और कहने लगे कि आज तुम्हें कहासुनी करने का मजा चखाते हैं। इतना कहते ही जैकी ने नेपाली के पेट में चाकू मार दिया। वहीं, देव ने हाथ में ली कांच की बोतल से नेपाली के सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी लोगों को आता देख जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।