हथीन।
थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक विवाहिता का जानकार था और शादी के बाद उसे लगातार धमकियां और अश्लील संदेश भेज रहा था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जून को सुबह करीब 10 बजे वह अपनी बहन और पति के साथ बाजार गईं थीं। जब वे कपड़े की दुकान पर थे, तभी आरोपी राहिल अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक पर आ गया। आरोपी ने दुकान के सामने ही पीड़िता को जबरदस्ती खींचने का प्रयास किया। जब उसके पति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ जमकर मारपीट की, गले से चांदी की चेन छीन ली और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजार की घटना के बाद जब पीड़िता अपने पति और बहन के साथ वापस गांव लौट रही थी, तो आरोपितों ने दीनपुरा के पास उनका रास्ता फिर से रोक लिया। हालांकि, पीड़िता ने पहले ही भांपकर अपने एक परिचित को फोन कर दिया था। परिचित ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और अपने मोबाइल से आरोपितों की इस करतूत का वीडियो बना लिया, जिसके बाद बड़ी मुश्किल से उनकी जान बची।