- गंभीर से घायल संचालक को अस्पताल में कराया भर्ती, हालत गंभीर
- पुलिस ने नामजद भाइयों सहित 15 के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैलाश नगर में वर्कशॉप संचालक के ऊपर थिनर डालकर आग लगा दी। फोरमैन उसे बचाने का प्रयास किया तो उसकी कनपटी का बंदूक लगा जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसे संचालक को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंप थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर दो नामजद सहित 15 के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कैंप थाना प्रभारी सत्यनारायण के अनुसार गांव डाढ़ोता निवासी जतिन कौशिक ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने कैलाश नगर में सबमर्सिबल की मोटर बनाने की वर्कशॉप लगाई हुई है। वर्कशॉप पर वह व उसका फोरमैन धर्मेंद्र काम कर रहे थे। उसी दौरान वर्कशॉप का गेट बजने की आवाज आई। फोरमैन धर्मेंद्र ने गेट खोला तो गेट पर दीपक व उसका भाई राहुल खड़े हुए थे। दोनों ने वर्कशॉप के अंदर घुसते ही उस पर लोहे की रॉड व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने वर्कशॉप में थिनर से भरी हुई रखी पांच लीटर की कैन को उसके ऊपर छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उसका पैर, पैंट, कुर्सी और अन्य सामान जल गया। उसके फोरमैन ने उसे बचाने का प्रयास किया और उसके ऊपर कपड़ा डालकर आग बुझाने का प्रयास किया तो 12-13 अन्य युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए वर्कशॉप के अंदर आ गए, जिन्होंने फोरमैन की कनपटी पर देशी कट्टा लगाते हुए कहा कि दूर रहो नहीं तो मारे जाओगे। झगड़े का शोर सुनकर जब पड़ोसी आने लगे तो दीपक ने देसी कट्टा उसकी कनपटी पर रखकर कहा कि यदि इस बारे में कोई कानूनी कार्रवाई की तो तुझे और तेरे पूरे परिवार को जान से खत्म कर दूंगा। लोगों को आता देख आरोपी वहां से गलियों में भाग गए। आग लगने से वह झुलस गया। उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद सहित 15 के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।