बड़ी बेटी परी के जन्मदिन के अवसर पर मां संगीता व छोटी बेटी संध्या केक काटते हुए।
- फोटो : Palwal
घर में लड़ाई-झगड़े से तंग महिला ने दो मासूमों संग दी जान
होडल। आदर्श कालोनी में अपने पति व परिवार सहित रहने वाली एक महिला ने दो बच्चियों के साथ बंचारी के पास से गुजर रही गौंछी नहर में कूदकर जान दे दी। चार दिन से लापता महिला व उसकी दोनों बेटियों के शवों को पुलिस ने नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नूंह के नल्लड़ स्थित मेडिकल कालेज भेजवा दिया है। तीनों शव करीब तीन दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। होडल पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि बंचारी स्थित गौंछी नहर में एक महिला की लाश तैर रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को बाहर निकलवाया। नहर से निकाले गए महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में रखवा दिया था। पुलिस द्वारा इसकी सूचना आसपास के गांवों में भी दे दी। देर रात बांसवा गांव निवासी बीरवती नामक महिला ने मृतका की शिनाख्त अपनी पुत्री संगीता के रूप में की। बीरवती ने पुलिस को बताया कि संगीता चार मार्च से घर से लापता थी और उसके साथ दो बेटियां साढ़े पांच वर्षीय परी व ढाई वर्षीय संध्या भी थीं। पुलिस ने रविवार को गोताखोर बुलवाकर गौंछी नहर पर उस जगह खोजबीन शुरू की, तो दोनों बच्चियों के शव पानी में मिल गए। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव बाहर निकालकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। जहां डॉक्टरों ने खराब हालत देखते हुए नूंह के नल्लड़ स्थित मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज
होडल थाना प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि गांव बांसवा निवासी बीरवती ने अपनी विवाहिता बेटी सीता (30) व उसकी दो बेटियों के लापता होने का मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया था कि लगभग 6 साल पहले उसने संगीता की शादी विक्रम निवासी करमन के साथ की थी। शादी के बाद वह अपने पति और बच्चों के साथ होडल मे रहने लगी। आरोप है कि संगीता का पति शराब पीकर अपनी मां के साथ मिलकर उससे मारपीट करता था। 5 मार्च को होडल थाना पुलिस ने संगीता और उसकी दोनों पुत्रियों के लापता होने का मामला दर्ज किया था।
पति के शराब की लत ने ले ली तीन जानें
नहर में अपनी अपने दो पुत्रियों के साथ कूदकर आत्महत्या करने वाली संगीता और उसकी बेटियों की जान पति विक्रम की शराब की लत ने ले ली। मृतका की मां बीरवती का कहना है कि दामाद की शराब की लत व सास द्वारा नशे में घर आते ही उससे शिकायतें करने पर संगीता व उसकी बच्चियों से मारपीट कराना रोज का काम बन गया था। संगीता ने कई बार उनसे भी मरने की बात कही थी, लेकिन वह हर बार उसे समझा दिया करती थी।